हिमाचल के इस सहकारी बैंक में 10 नई शाखाएं खुलेंगी, क्लर्क के 50 पद भरे जाएंगे Kangra Co-Operative Primary Agriculture & Rural Development Bank Recruitment 2019
कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक का विस्तार किया जाएगा। बैंक ग्रामीण स्तर पर 10 नई शाखाएं खोलेगा। बैंक में क्लर्क के 50 पद भी भरे जाएंगे। कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक समिति के चेयरमैन कमल नयन शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को धर्मशाला में बैंक की 38वीं सालाना आमसभा हुई।
उन्होंने कहा कि बैंक किसानों को आसानी से ऋण उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास कर रहा है। प्रतिवर्ष ऋण की किस्तों की अदायगी निर्धारित तिथि पर करने पर एक प्रतिशत की छूट का प्रावधान किया गया है। बैंक ने वर्ष 2017-18 में 2476 लाख तथा वर्ष 2018-19 में 2994 लाख के ऋण वितरित किए हैं।
इससे किसानों, बागबानों व कामगारों को लाभ पहुंचा है। बैंक में वर्तमान में शेष अग्रिम ऋण 12322 लाख रुपये तक पहुंच चुके हैं, जो बैंक की बड़ी उपलब्धि है। बैंक के माध्यम से भूमि सुधार, लघु सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण, कृषि से संबंधित अन्य गतिविधियों गैर कार्य क्षेत्र जैसे लघु वाहन, लघु तथा ग्रामीण कुटीर उद्योग, सेवा क्षेत्र तथा ग्रामीण आवासीय योजनाओं के तहत ऋण दिए जाते हैं।
महाप्रबंधक राज नारायण जमालटा ने कांगड़ा सहकारी प्राथमिक एवं कृषि ग्रामीण बैंक समिति की अर्जित लक्ष्यों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान बैंक के उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर, संचालक ओमप्रकाश कटोच, अरविंद चक्रवर्ती, जगमेल ठाकुर, रोशन लाल, मनोहर लाल, डॉ. रविदत्त और कुलविंद्र सिंह सहित बैंक समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
0 Comments