देश दुनिया में खौफ का कारण बन चुके कोरोना वायरस ने हिमाचल में भी दस्तक दे दी है। राज्य के कांगड़ा जिला में शुक्रवार को कोरोना वायरस के दो मामले पॉजीटिव आए हैं। पॉजीटिव मरीजों में एक महिला व एक पुरूष है। दोनों के सैंपलों की जांच टांडा मेडिकल कॉलेज की लैब में की गई, प्रारंभिक जांच में दोनों में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया है। जिसके बाद पूरे जिला में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हरकत में आया गया और दो मरीजों को देर शाम टांडा अस्पताल में बनाए आइसोलेशन वार्ड भर्ती करवाया गया।




उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति ने मामले की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार सकारात्मक परीक्षण करने वालों में महिला 19 मार्च को दुबई से लौटी थी और पुरुष 18 मार्च को सिंगापुर से वापस आया था। पुरूष की आयु 32 साल है,जबकि महिला की 63 साल है। उधर, सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने कहा कि दोनों मरीजों के टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। दोनों के सैंपल आगे के परीक्षण के लिए पुणे भेजे गए हैं।

ऊना-शिमला में दो-दो, सोलन में एक संदिग्ध आईसोलेशन में भर्ती

वहीं, ऊना क्षेत्रीय अस्पताल में दो संदिग्ध मरीज आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किए गए। दोनों संदिग्धों के खून के नमूने लेकर उन्हें टांडा भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट रविवार तक आएगी। एक संदिग्ध मरीज थाइलैंड से जबकि दूसरा फ्रांस से लौटा है। मलयेशिया से बाया शिप मुंबई और गुरुवार को सोलन पहुंचे युवक को सोलन अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। डॉक्टरों ने उसके सैंपल लेकर जांच के लिए शिमला भेज दिए हैं। वहीं रामपुर के दो नेपाली मूल के लोगों को आईजीएमसी में टेस्ट के बाद डीडीयू शिमला में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है।

कोरोना वायरस प्रभावित देशों से आए 823


कोरोना प्रभावित व अन्य देशों से हिमाचल में 823 लोग आए हैं। बीते दिन गुरुवार को इनकी संख्या 748 थी, जो अब बढ़कर 823 हो गई है। इनमें से 283 लोगों ने अपना 28 दिन का निगरानी पीरियड पूरा कर लिया है। इन्हें लोगों से मिलने की अनुमति दे दी है। 10 संदिग्ध लोगों के सैंपल निगेटिव आए हैं। तीन की रिपोर्ट आनी बाकी है। 100 लोग हिमाचल छोड़ कर चले गए हैं, जबकि 431 लोग अभी भी निगरानी पर हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने कहा कि पहले सिर्फ चिह्नित 19 देशों से आए लोगों को निगरानी में रखा जा रहा था, लेकिन अब किसी भी देश से आए स्थानीय या विदेशी पर्यटक को निगरानी में रखा जा रहा है। संदिग्ध को अस्पताल में, जबकि सामान्य व्यक्ति को होम आईसोलेशन में रहने की सलाह दी जा रही है।


धर्मशाला-मैक्लोडगंज और चामुंडा के होटल बंद 

स्मार्ट सिटी धर्मशाला, मैक्लोडगंज  और चामुंडा के सभी होटल और रेस्तरां 31 मार्च तक बंद रहेंगे। उधर मंडी के सरकाघाट और बलद्वाड़ा में बैंकों और अन्य सरकारी दफ्तरों के गेट बंद करके काम किया गया। कुल्लू के बजौरा नाके पर बाहरी पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है।

इराक से लौटे युवक को नेरचौक मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। बीबीएन में यूक्रेन, दुबई, कनाडा और नेपाल से 8 लोगों को निगरानी में रखा गया है। उधर कंडवाल बैरियर पर एक सरकारी बस में दो विदेशी जो कि अमेरिका से आए हुए थे। उनको पूछताछ करने के उपरांत वापस पठानकोट भेज दिया है। 


चार हजार कामगार वाला ल्यूमिनस उद्योग 25 तक बंद

वहीं ऊना जिले में गगरेट के अग्रणी उद्योग ल्यूमिनस ने 25 मार्च तक उद्योग पूर्णतया बंद कर दिया। ल्यूमिनस प्रशासनिक प्रबंधक अजय भारद्वाज ने बताया कि अपनी बसों और मशीनों को सैनिटाइज कर रहे हैं। कामगारों को भी निर्देश जारी किए गए है कि वो किसी भी स्थिति में अपने क्षेत्र से बाहर न जाएं। ल्यूमिनस में लगभग 4000 कामगार काम करते हैं।